NEWS BY MUSTAFFA
रांची : ओरमांझी थाना क्षेत्र के चर्चित धोखाधड़ी और विश्वासघात मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। माननीय न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने रामगढ़ थाना क्षेत्र के पतरातू बस्ती (आईटीआई कॉलेज के पास) निवासी नामजद अभियुक्त शंकर दयाल सिंह के घर पर विधिवत इश्तेहार चस्पाया है। इस दौरान बैंड-बाजे के साथ मुनादी करते हुए आरोपी के घर के अलावा आसपास के बिजली के पोल पर भी इश्तिहार चिपकाए गए। क्या है पूरा मामला ? ओरमांझी थाना क्षेत्र में स्थित डॉ. सुषमा प्रिया की जमीन को बेचने के नाम पर आरोपी शंकर दयाल सिंह ने सैन्यकर्मी संजीव कुमार और सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी रेती रंजन पांडे को विश्वास में लिया था। इसके बाद जमीन बिक्री के नाम पर उसने दोनों से 15 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। इसी मामले में कांड संख्या 117/22 (भादवि की धारा 406,420 और 34) के तहत मामला दर्ज है। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण यह सख्त कदम उठाया गया है। ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी के घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर इश्तेहार चस्पा कर दिया गया है। उसे जल्द से जल्द अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने की कड़ी चेतावनी दी गई है। तय समय के भीतर सरेंडर नहीं करने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में नीतीश कुमार,विनय कुमार और स्थानीय थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस दबिश और अनोखी कार्रवाई से इलाके के अन्य वांछित अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है।
