AMIT RANJAN
ठेठईटांगर: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत असम्प्शन स्कूल, पंडरीपानी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद एवं ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) ने बच्चों को नियमित रूप से कृमि मुक्ति की दवा सेवन करने तथा स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रेफरल अस्पताल ठेठईटांगर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, बीपीएम सेवक राम लोहरा, एसटीएस बादल कुमार साहु, सिमडेगा के डीपीसी जेवियर एक्का, पीपीएम कोऑर्डिनेटर अभिषेक जोसेफ तिर्की, कोऑर्डिनेटर प्रदीप कुमार सिंह, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पंडरीपानी की सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन के माध्यम से बच्चों में कृमि संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
