रांची : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत भारत रत्न एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र (बी. सी.) रॉय की चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर रिम्स के निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक, संस्थान के अन्य प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के चिकित्सक, संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, मेडिकल छात्र-छात्राएं तथा संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. बी. सी. रॉय के चिकित्सा सेवा, चिकित्सा शिक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। डॉ. बी. सी. रॉय का जीवन सेवा, समर्पण एवं मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्रोत है तथा प्रत्येक चिकित्सक के लिए अनुकरणीय है।राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर रिम्स के ब्लड सेंटर एवं न्यू ट्रॉमा सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में रिम्स के अधिकारियों, चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मियों तथा अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। विशेषज्ञों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से न केवल अनेक मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को भी सुदृढ़ किया जा सकता है। इसी क्रम में रिम्स के फिजियोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित फिजियोलॉजी क्विज़-2026 के ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में प्रतिभागियों ने शरीर क्रिया विज्ञान से संबंधित विषयों पर उत्कृष्ट ज्ञान एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के समापन पर क्विज़ प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को निदेशक, डीन, विभागाध्यक्ष एवं वरीय संकाय सदस्यों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। निदेशक ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी शैक्षणिक गतिविधियों एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
