रिपोर्ट : Ajay Raj
प्रतापपुर/चतरा: चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड के रहने वाले शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार को झारखंड सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सरकार ने उन्हें अगले आदेश तक संथाल परगना प्रमंडल, दुमका के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया है। इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अवर सचिव अरशद जमाल ने पत्रांक-1451, 6 जुलाई के तहत आदेश जारी किया गया है। हाल ही में शिक्षा विभाग ने संजीत कुमार की पदस्थापना दुमका के जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में की थी। नई अधिसूचना के अनुसार अब वे जिला शिक्षा पदाधिकारी के दायित्वों के साथ-साथ दुमका प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। संजीत कुमार शिक्षा विभाग में अपने लंबे अनुभव और कुशल कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। इससे पूर्व वे मुख्यमंत्री के गृह जिले रामगढ़ में लगातार चार वर्षों तक जिला शिक्षा अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने जिला एनडीसी का अतिरिक्त प्रभार भी सफलतापूर्वक संभाला। शिक्षा व्यवस्था में उनके बेहतर प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। प्रतापपुर प्रखंड के रहने वाले संजीत कुमार पंचायत सचिव अर्जुन पासवान के पुत्र हैं। वे चतरा विधायक जनार्दन पासवान के भतीजे तथा लातेहार विधायक के दामाद भी हैं। उनकी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर प्रतापपुर सहित पूरे चतरा जिले में खुशी का माहौल है।
