सांकुल की बेटी अनुष्का राज ने बॉक्सिंग में जीता स्वर्ण पदक, बीडीओ ने किया सम्मानित

360° Ek Sandesh Live

भुरकुंडा (रामगढ़) : पतरातू प्रखंड के सांकुल निवासी 15 वर्षीय अनुष्का राज ने धनबाद स्थित बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र, जिला और पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता 16 एवं 17 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें अनुष्का ने 40 से 45 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर पतरातू प्रखंड के बीडीओ मनोज गुप्ता ने अनुष्का राज को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कोच कंचन दास ने बताया कि अनुष्का राज, सांकुल निवासी भारती देवी एवं आदेश कुमार की पुत्री हैं। कम उम्र में मिली इस बड़ी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और सांकुल बस्ती में उनकी उपलब्धि की चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि अनुष्का पतरातू के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। उनकी इस सफलता से विद्यालय में भी हर्ष का माहौल बना हुआ है। कंचन दास ने कहा कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। जिस प्रकार कीचड़ में कमल खिलता है, उसी प्रकार छोटे से गांव सांकुल की बेटी अनुष्का ने बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतकर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वहीं अनुष्का राज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच कंचन दास को देते हुए कहा कि आज जो सम्मान और पहचान उन्हें पूरे झारखंड में मिली है, वह उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का परिणाम है।

Spread the love