सीएम आवास का घेराव करने जा रहे सहायक पुलिसकर्मियों ने बैरिकेड़िंग तोड़ा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

360° Crime Ek Sandesh Live

Kamesh Thakur

रांची: मोराबादी मैदान में दो जूलाई से सहायक पुलिसकर्मी अपनी मांग को लेकर आंदोलनरत है। इस दौरान सहायक पुलिसकर्मी और सरकार के बीच शुक्रवार को वार्ता हुई। लेकिन यह वार्ता विफल रही।
इसके बाद सहायक पुलिसकर्मी मोराबादी मैदान से सैकड़ो की संख्या में सीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे। सहायक पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद गाड़ियों में तोड़फोड़ की और पलट दिया। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गये। इसके बाद पुलिस ने सहायक पुलिसकर्मियों पर हल्का बल प्रयोग किया।
एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, और सहायक पुलिसकर्मियों को समझा-बुझाया। सहायक पुलिसकर्मियों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विवेकानंद ने कहा कि हमारी मांगों को नहीं माना जा रहा है। वार्ता के दौरान सरकार की ओर से वेतन में 20 प्रतिशत वृद्धि और एक साल के एक्सटेंशन का प्रस्ताव रखा गया, जिसपर सहायक पुलिसकर्मियों की सहमति नहीं बनी।
एडीजी मुख्यालय आरके मलिक ने बताया कि सहायक पुलिसकर्मियों को आश्वासन दिया गया है कि 9 अगस्त से समाप्त हो रहा उनका अनुबंध एक साल के लिए और बढ़ाया जाएगा। उनके वेतन भत्ते में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा झारखंड पुलिस में होने वाली बहाली में उन्हें आरक्षण दिया जाएगा।
सरकार की ओर से डीजीपी की अध्यक्षता में सहायक पुलिसकर्मियों को वार्ता के लिए बुलाया गया था। झारखंड पुलिस के डीजीपी अजय कुमार सिंह, एडीजी मुख्यालय आरके मलिक, रांची डीसी सहित कई अन्य अधिकारियों के साथ सहायक पुलिसकर्मियों की वार्ता हुई। वार्ता में सरकार ने सहायक पुलिसकर्मियों के लिए संविदा बनाकर भर्ती में आरक्षण और वेतन बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है।