सेंट गेब्रियल एण्ड मोनिका स्कूल में चला नशा मुक्ति उन्मूलन अभियान

360° Ek Sandesh Live

SHYAM

रांची: मोराबादी के एदलहातू स्थित सेंट गेब्रियल एण्ड मोनिका स्कूल में नशा मुक्ति उन्मूलन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरियातू थाना के सब इंस्पेक्टर अक्षय कुमार थे। उन्होंने कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकार, उसके दुष्प्रभाव एवं समाज पर पड़ने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सब इंस्पेक्टर अक्षय कुमार ने विद्यार्थियों को मोबाइल की लत (मोबाइल एडिक्शन), साइबर क्राइम, मोबाइल गेम और इंस्टाग्राम जैसी सोशल मीडिया की लत से बचने के उपाय बताए। साथ ही उन्होंने आपातकालीन एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने माता-पिता, भाई-बहनों और आसपास के लोगों को भी नशा एवं साइबर अपराध के प्रति जागरूक करें।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा केरकेट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के कारण अनेक परिवार, समाज और राष्ट्र को गंभीर क्षति पहुंच रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि समाज में ऐसे लोग और गिरोह सक्रिय रहते हैं, जो युवाओं को गलत राह पर ले जाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में बच्चों को सजग रहकर सही मार्ग का चयन करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने एक स्वर में “Say No To Drugs” का नारा लगाकर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

Spread the love