एसडीओ ने पहुंचकर मरीजों का जाना हाल
सिमडेगा: अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की के बॉडीगार्ड बिरसा बरला की पत्नी को सोमवार की देर रात सर्पदंश के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओ सुमंत तिर्की स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और मरीज का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से मरीज के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। इस दौरान एसडीओ ने अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि इलाज,दवा,जांच एवं अन्य सुविधाओं को लेकर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। सर्पदंश के मामले में एसडीओ ने सिविल सर्जन से एंटी वेनम इंजेक्शन और एंटी रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में दोनों प्रकार के इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान बिजली आपूर्ति की स्थिति की भी जानकारी ली गई। बिजली नहीं रहने की स्थिति में एक्स-रे जांच प्रभावित न हो, इसके लिए एसडीओ ने एक्स-रे की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली बाधित होने के कारण मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। एसडीओ ने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा आपात स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
