सुरेन्द्र सोरेन रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष चुने गये

States

Eksandeshlive Desk
रांची : रांची प्रेस क्लब के शुक्रवार को हुए चुनाव में सुरेन्द्र सोरेन अध्यक्ष चुने गये। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिव्याशु झा को 79 मतों पराजित किया। चुनाव में श्री सोरेन को 335 मत मिले जब कि श्री झा को 256 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे राजेश श्रीवास्तव को मात्र पांच वोट से संतोष करना पड़ा।
682 सदस्यों वाले प्रेस क्लब में आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान करने को लेकर क्लब के सदस्यों में काफी उत्साह देखा गया। दिनभर प्रेस क्लब परिसर में सदस्यों की चहलकदमी बनी रही। वहां मौजूद प्रत्याशी सदस्यों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते देखे गये।
अपराह्न तीन बजे के बाद चुनाव अधिकारी के द्वारा मतों की गिनती का काम शुरू किया गया। प्रथम राउंड के बाद से ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुरेंद्र सोरेन अपनी बढ़त बनाये हुए थे।
इस चुनाव में 34 प्रत्याशियों ने अलग-अलग पदों के लिए नामांकन किया था। स्क्रूटनी के बाद सभी प्रत्याशियों के नामांकन सही पाये गये।
प्रेस क्लब के चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष के लिए आज मतदान किये गये। इसके अलावा मतदाताओं ने मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों के चुनाव के लिए भी अपने मताधिकार का उपयोग किया।
श्री सोरेन के अध्यक्ष चुने जाने पर उनके समर्थक पत्रकारों ने उन्हें बधाई दी है। समाचार लिखे जाने तक अन्य पदों के लिए डाले गये वोटों की गिनती जारी थी। देर रात तक प्रेस क्लब में पत्रकारों की भीड़ लगी रही।