टाटा पिगमेंट्स कर्मचारियों के वेतन में 8,600 से 15,000 रुपये तक की मासिक बढ़ोतरी

Business

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: टाटा पिगमेंट्स के कर्मचारियों के लिए सोमवार को वेतन संशोधन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। कंपनी परिसर स्थित इंद्रधनुष भवन में प्रबंधन और यूनियन के बीच हुए इस समझौते को सात वर्षों के लिए लागू किया गया है। समझौते की अवधि 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2031 तक निर्धारित की गई है। नए और पुराने दोनों ग्रेड के कर्मचारियों के लिए एक साथ वेतन समझौता किया गया है। समझौते के तहत कर्मचारियों के मासिक वेतन में अधिकतम करीब 8,600 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक का बकाया एरियर भी कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इस समझौते से टाटा पिगमेंट्स के कुल 95 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

नए वेतन समझौते में कर्मचारियों को 500 रुपये का एनपीएस कैश अलाउंस भी दिया गया है। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड यानी पीएलआर स्कीम लागू की गई है, जिसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 550 रुपये का लाभ मिलेगा। इस राशि में अप्रैल 2027 से और बढ़ोतरी किए जाने का प्रावधान किया गया है। समझौते की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि टाटा पिगमेंट्स के इतिहास में पहली बार औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट यानी ग्रेड स्ट्रक्चर में करीब 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। प्रबंधन और यूनियन ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण वेतन संशोधन बताया। समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक सरोज कुमार बनर्जी, मुख्य कारखाना प्रबंधक मानित कुमार, प्लांट हेड केएम महाराजा, प्रमुख वित्तीय अधिकारी दिनेश अग्रवाल, मुख्य मानव संसाधन पदाधिकारी अंकिता केविन नटाल, हेड एचआर अतुल कुमार शर्मा, चीफ ऑफ मार्केटिंग एंड सेल्स बीजें पटनायक, फाइनेंस एंड अकाउंट्स से हरेंद्र कुमार राय तथा एचआर ऑफिसर विवेक कुमार ने हस्ताक्षर किए। वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कुलबीर सिंह, सत्यानारायण राव, सह सचिव कमलेश कुमार शर्मा, अनिल प्रसाद, कोषाध्यक्ष भुवनेश्वर राम ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

Spread the love