MUSTFA
मेसरा/ओरमांझी (रांची): झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा द्वारा सोमवार को ओरमांझी स्थित होटल सम्राट में शहीद भगत सिंह की जयंती पर संकल्प सभा आयोजित की गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और हक-अधिकार की लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया। बैठक में केंद्रीय उप प्रधान महासचिव अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि 30-31 अक्टूबर को कांके (रिनपास के समीप) स्थित सभागार में मोर्चा का दो दिवसीय तृतीय राज्य स्तरीय महाधिवेशन आयोजित होगा। इसमें झारखंड सहित बिहार, दिल्ली, हरियाणा, यूपी और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि शामिल होंगे। संकल्प सभा के दौरान मोर्चा ने अपनी प्रमुख मांगें दोहराईं। संगठन ने वैश्य समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण देने, राज्य में जल्द वैश्य आयोग का गठन करने तथा पारदर्शी तरीके से जातिगत जनगणना कराने की मांग की। इसके अलावा आरक्षण के प्रावधानों के तहत ही आगामी पंचायत चुनाव कराने,समाज के लोगों पर हो रहे हमला,हत्या व रंगदारी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा ऑनलाइन मार्केटिंग पर नियंत्रण करने की बात कही गई। नेताओं ने कहा कि सबसे अधिक टैक्स देने वाला वैश्य समाज अब पूरी तरह जागरूक हो चुका है और अपनी मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा। सभा में लक्ष्मण साहू, रोहित साहू, चतुर साहू, कृष्णदेव प्रसाद और राजेश कुमार साहू सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
