वज्रपात बना काल: बकरी चराने गए अधेड़ की मौत, नावाडीह टोला में पसरा मातम

360° Ek Sandesh Live

विष्णुगढ़/हजारीबाग : प्रखंड अंतर्गत नरकी पंचायत के नावाडीह टोला में सोमवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार नावाडीह टोला निवासी सोमर महतो उर्फ गोवर्धन महतो (55), पिता स्वर्गीय जोगी महतो, सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे रोजाना की तरह घर के समीप अपनी बकरियां चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ हुई बारिश के बीच वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तीव्र था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में चीख-पुकार का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया।

Spread the love