Eksandeshlve Desk
रांची/लोहरदगा: रांची रेलवे स्टेशन से भाकपा माओवादी संगठन के रीजनल कमांडर और 15 लाख के इनामी रविंद्र गंझू दस्ते के सक्रिय सदस्य आकाश नगेसिया उर्फ समेश्वर नगेसिया को लोहरदगा ने गिरफ्तार किया है।
लोहरदगा एसपी हरीश बिन जमां ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली आकाश नगेसिया ने पूछताछ में कई जानकारियां दी है। इसके अलावा कई मामलों में संलिप्ता को भी स्वीकार किया है। नगेसिया ने 26 मार्च को सेरेंगदाग स्थित बड़का नदी पर पुल निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार के लेवी देने से मना करने पर आगजनी की घटना को अंजाम दिया था।
इसके अलावा 22 मई को लेवी न देने पर हत्या करने की नियत से मुंशी पर गोलीबारी की थी। हालांकि, वह बच निकला था। आकाश नगेसिया ने 11 दिसंबर, 2022 को अपने सहयोगियों के साथ मिलकर स्वराज के ट्रैक्टर और रोटावेटर को उसके घर के बाहर से चोरी कर ली थी। इसके खिलाफ नक्सली घटनाएं, गोली चलाने, आगजनी करने, अवैध लेवी वसूलने, चोरी के कई मामलों में उसकी तलाश थी। इसके खिलाफ लोहरदगा में पांच मामले दर्ज हैं।