राजधानी रांची में टोल प्लाजा बड़ा हादसा… लाइट टावर ऑटो पर गिरने से दो की मौत, पांच गंभीर

Road Accident

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा का लाइट टावर एक ऑटो पर जा गिरा। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि हादसे में ऑटो में बैठे पांच यात्री बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है जबकि पांच घायल हैं। पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।

ऑटो में आठ यात्री सवार थे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेड़ो टोल प्लाजा के पास से एक ऑटो गुजर रहा था। ऑटो में आठ के करीब यात्री बैठे हुए थे। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास स्थित लाइट टावर अचानक ऑटो पर जा गिरा। इस हादसे में आठों यात्री ऑटो में ही दब गए। हादसे को देख स्थानीय और टोल कर्मी भागे भागे मौके पर पहुंचे और ऑटो में दबे यात्रियों को निकालने की कोशिश करने लगे। इसी बीच नगड़ी पुलिस भी मौके पर पहुची, लेकिन इस दौरान ऑटो में सवार दो महिलाओं की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। वहीं पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

लाइट टावर का अगला हिस्सा गिरा

टोल प्लाजा के पास स्थित लाइट टावर का अगला भाग, जिसमें काफी सारे लाइट्स लगे रहते हैं, वही भाग ऑटो पर गिरा था। इस वजह से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। गनीमत रही कि स्थानीय लोग और पुलिस की टीम सही समय पर मौके पर पहुंच गई, नहीं तो हताहतों की संख्या और ज्यादा होती। जिन दो महिलाओं की मौत हुई है उनकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं पायी थी। रांची जिला प्रशासन लाइट टावर कैसे गिरा इसकी जांच भी कर रहा है। उसका कहना है कि मामले में जो भी दोषी होगा उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।