Eksandeshlive Desk
रांची : राजधानी रांची में चिलचिलाती गर्मी के बीच शनिवार की दोपहर बाद झमाझम बारिश होने से तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रांची में इस दौरान 4.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भीषण गर्मी में बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली और मौसम भी सुहाना हो गया।
जहां दोपहर में रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री से अधिक था, बारिश होने के बाद तापमान गिरकर 33 डिग्री के स्तर तक पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि इन दिनों पूरे झारखंड में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। पलामू, गढ़वा, जमशेदपुर, देवघर और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान 41 डिग्री को पार कर गया है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है।