Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली/अहमदाबाद : अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गुरुवार को 242 यात्रियों को लेकर जा रहा एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। एयरलाइन ने इसके लिए हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है। एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया है कि “अहमदाबाद से दोपहर 1:38 बजे रवाना हुई इस उड़ान संख्या AI-171 बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।” एयरलाइन ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए एक समर्पित यात्री हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 स्थापित किया है। एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया घटना की जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है।
एयर इंडिया के अध्यक्ष ने जारी किया बयान : एयर इंडिया के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा, “बहुत दुख के साथ मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी संवेदनाएं इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों का साथ देने पर है। हम साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं। जैसे ही हमें और अधिक सत्यापित जानकारी प्राप्त होगी, आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे। एक आपातकालीन केंद्र सक्रिय कर दिया गया है और जानकारी मांगने वाले परिवारों के लिए सहायता टीम स्थापित की गई है।”
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। राष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बारे में जानकर मैं बहुत दुखी हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।” उपराष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने हमें एक विनाशकारी मानवीय त्रासदी का सामना करने पर मजबूर कर दिया है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा देश उनके साथ एकजुटता से खड़ा है।” प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।” इससे पहले प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और दोनों को अहमदाबाद जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से हरसंभव सहायता प्रदान करने का किया आग्रह : गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर कांग्रेस ने दुख जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पोस्ट में हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि भयावह दृश्य देखकर दिल दहल जाता है। यात्रियों, पायलट और चालक दल के परिवारों के प्रति पार्टी की हार्दिक संवेदना, विचार और प्रार्थनाएं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से पीड़ितों और उनके प्रियजनों को हर संभव सहायता और समर्थन प्रदान करने का आग्रह किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विमान दुर्घटना पर दुख जताते हुए इसे दिल दहला देने वाली घटना बताया है। राहुल ने एक्स पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, वह अकल्पनीय है। इस कठिन क्षण में सभी के परिवारजन के प्रति संवेदनाएं। प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं- हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। वहीं अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे पर भारतीय जनता पार्टी ने गहरा दुख जताया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस दुखद घटना को लेकर गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल से बात की और बचाव एवं राहत कार्य की जानकारी ली।