RAJU CHAUHAN
धनबाद: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की श्रृंखला में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने आज कोयला नगर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मानसरोवर झील परिसर में ‘आजादी का श्रमदान’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर बीसीसीएल के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए और सामूहिक श्रमदान के माध्यम से कोयला नगर टाउनशिप, मानसरोवर झील परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।
अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक कचरे के संग्रहण एवं निस्तारण की विशेष पहल की गई और ‘Say No to Plastic’ का संदेश दिया गया। यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देता है बल्कि आजादी के पावन अवसर पर समाज में सामूहिक उत्तरदायित्व और नागरिक चेतना को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) कुमार मनोज, महाप्रबंधक (सिविल) अशोक कुमार, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) शोभा जे. कुजूर, विभागाध्यक्ष (कल्याण) किरण रानी नायक, रवि कुमार, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन-प्रशासन) सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
