Eksandeshlive Desk
लोहरदगा : झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने बिहार में चल रहे मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। लोहरदगा के कूडू में मंगलवार को ग्रामीण पंचायत कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के संवाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर वोट के अधिकार को छीनने का आरोप लगाया। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वोट के अधिकार की ताक़त को देशभर के लोगों को बताया है, उसे समझने की जरूरत है। संविधान ने जो अधिकार लोगों को दिया है, भाजपा उस वोट के अधिकार को छीनने की कोशिश कर रही है, जिसके खिलाफ बिहार में हमारे नेता राहुल गांधी सहित पूरा महागठबंधन लड़ने में जुटा है।
पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर बल : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि एसआईआर के खिलाफ विधानसभा में भी हमारे विधायकों ने मोर्चा खोला है और इसकी लड़ाई प्रदेश सहित पूरे भारत में फैल रही है। इस लड़ाई को हम प्रखंड, जिला और विधानसभा सहित पूरे देश के सामने लेकर जाएंगे। इसके खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाकर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने का काम भी किया जाएगा। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सम्मेलन के दौरान अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और संगठन को मजबूती देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए। मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे। इस अवसर पर कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। सम्मेलन में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और शहज़ादा अनवर के अलावा बड़ी संख्या में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत कर पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर बल दिया।