SUNIL KUMAR
साहिबगंज: शहर के रेलवे जेनरल इंस्टीट्यूट से गुरुवार सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत साइक्लोथॉन कार्यक्रम का आयोजन जिला संयोजक गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजमहल विधानसभा के पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार ओझा शामिल हुए। युवाओं और खेल प्रेमियों की भागीदारी के बीच आयोजित साइक्लोथॉन में सभी ने रेलवे जेनरल इंस्टीट्यूट मैदान से साइकिल चलाकर कलिंगा होटल, महात्मा गांधी चौक, धर्मशाला मोड़ से स्वामी विवेकानंद चौक, पटेल चौक, ग्रीन होटल, कॉलेज रोड से चैती दुर्गा मंदिर के निकट स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर पहुंचकर समाप्त हुआ। सभी युवाओं ने भारत माता की जय मैं फिट इंडिया फिट का उद्घोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा भी इस कार्यक्रम में साइकिल पर सवार होकर युवाओं का हौसला बढ़ाया। युवाओं में इस कार्यक्रम को लेकर बेहद उत्साह था। इस अवसर पर पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कराने का उद्देश्य है, अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जिस अंत्योदय का सपना देखा था, उसे साकार करना।इस प्रकार के आयोजन से खेल के क्षेत्र में रुचि रखने वाले गरीब युवाओं और अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों को, जिन्हें अपनी कला दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता, उन्हें उत्साहित करना और आगे बढ़ाना है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “खेलो इंडिया” कार्यक्रम की शुरुआत करके लाखों युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान किया है। स्वस्थ भारत का संकल्प इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ युवा फॉर विकसित भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। इस सांसद खेल महोत्सव 2025 के संयोजक गौतम कुमार यादव ने कहा कि खेल न केवल शरीर को तंदुरुस्त रखते हैं, बल्कि समाज को अनुशासन और ऊर्जा से भी भरते हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि अगर देश को विकसित भारत बनाना है, तो पहले फिटनेस और स्वास्थ्य पर जोर देना होगा। यह सांसद खेल महोत्सव 2025, 21 सितंबर से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस महोत्सव में कई प्रकार के खेल का आयोजन किया जा रहा है सभी युवा सांसद खेल महोत्सव 2025 गूगल के माध्यम से रेजिस्ट्रेशन करके भाग ले सकते है। मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह निवर्तमान नप उपाध्यक्ष रामानंद साह, उपाध्यक्ष चंद्रभान शर्मा, जिला मंत्री चांदनी देवी, नगर अध्यक्ष संजय पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओबीसी मोर्चा जयप्रकाश सिन्हा, कुंदन साह, बिनोद चौधरी, कार्यक्रम के नगर संयोजक अवधेश, दिनेश, संतोष, आदित्य राज, स्वेता,सिंधु, संजीव, अंगद, सुशांत कुमार, अभिषेख एवं विभिन्न विद्यालय के विद्यार्थी एवम अन्य शामिल रहे।
