हेमंत सरकार के पास आत्मनिर्भर झारखंड बनाने का कोई विजन नहीं : अरुण सिंह

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : हेमंत सरकार के पास आत्मनिर्भर झारखंड बनाने का कोई विजन नहीं है। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 2047 में विकसित भारत बनाने का संकल्प अभियान है। जो आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने हेमंत सरकार और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार विकसित झारखंड के लिए 2050 का लक्ष्य बता रही है, लेकिन आज झारखंड को जिस रास्ते पर हेमंत सरकार लेकर जा रही वह झारखंड को विकास से कोसों दूर करने वाला है।

सिंह ने कहा कि पिछले छह वर्षों में हेमंत सरकार ने विकास का कोई नया विजन नहीं दिया।यहां केवल लूट और भ्रष्टाचार का तांडव है। स्कूल में शिक्षक नहीं, हॉस्पिटल में दवाई नहीं, बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाए जा रहे। डीएमएफटी फंड की लूट हो रही। बोकारो में घोटाले उजागर हुए। जनता के विकास पर फंड खर्च नहीं हो रहे। हेमंत सरकार सड़क गड्ढे भी नहीं भर पा रही है। उन्होंने कहा कि जो विकास, बुनियादी सुविधाएं दिख रही है वह सब मोदी सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासन में भारत की बुनियादी सुविधाओं का बजट 2.50 लाख करोड़ था और आज मोदी सरकार में यह साढ़े बारह लाख करोड़ हो गया। झारखंड में भारत माला प्रोजेक्ट के लिए 35 हजार करोड़ का बजट आवंटित है। बिहार विधान सभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत,पर कहा कि यह जीत मोदी के गारंटी और नीतीश के सुशासन की जीत है।

सिंह ने कहा कि इंडी गठबंधन मुद्दों की राजनीति नहीं कर रहा। विकास की राजनीति नहीं कर रहा। इसलिए जनता नकार रही।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी फ्रस्ट्रेटेड नेता हैं जो विदेशों में जाकर भारत को, गाली देते हैं। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें और कांग्रेस को बार बार नकार रही है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा झामुमो को अपमानित किए जाने से इंडी गठबंधन की खटपट बढ़ेगी।इसका असर दूर तक जाएगा। कांग्रेस पार्टी भले झारखंड में सत्ता सुख भोग रही लेकिन बिहार में इसने झामुमो को कोई मदद नहीं की। घाटशिला उपचुनाव परिणाम पर सिंह ने कहा कि झामुमो की जीत अपने परफॉर्मेंस की जीत नहीं बल्कि सहानुभूति और सत्ता के दुरुपयोग की जीत है। प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित रहे।

Spread the love