सिमडेगा: विधायक भूषण बाड़ा ने विधानसभा सत्र के तारांकित प्रश्न के माध्यम से रांची से कर्रा, जलियागढ़, कामडारा, कोलेबिरा, सिमडेगा होते हुए राउरकेला एवं सिमडेगा से तपकारा छत्तीसगढ़ तक की सड़क को फॉर लेन बनाने की जोरदार तरीके से मांग की है। विधायक ने सत्र के माध्यम से सरकार को बताया कि यह सड़क दक्षिण भारत को जोड़ने का भी महत्वपूर्ण रास्ता है। जो न केवल राज्य के अंदर बल्कि ओडिशा, छत्तीसगढ़ के साथ आर्थिक और यातायात संबंध जोड़ती है। वर्तमान में यह मार्ग डबल है जो आज के जनसंख्या के अनुसार संकीर्ण है। सड़क जाम एवं दुर्घटना भी काफ़ी होती है। विधायक ने बताया कि इस रास्ते से रोज़ाना हजारों भारी ट्रक, ट्रेलर, डम्फर, बसें और अन्य वाहन गुजरते हैं। विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सरकार इस सड़क को जल्द से जल्द फॉर लेन बनाने की प्रक्रिया तेज करे ताकि। सिमडेगा के नागरिकों को बेहतर संपर्क सुविधा मिल सके। साथ ही दुर्घटनाओं की दर कम हो और सिमडेगा रांची, सिमडेगा राउरकेला एवं सिमडेगा से छत्तीसगढ़ राज्य तक आसानी से लोग आवागमन कर सके। विधायक ने कहा कि सरकार इस सड़क को फॉर लेन प्रोजेक्ट के लिए स्पष्ट रोडमैप और फंडिंग सुनिश्चित करे। विधायक ने सरकार से सवाल पूछते हुए कहा है कि इस सड़क को फॉरलेन में अपग्रेडिंग कब तक करने की योजना है। इस पर सरकार द्वारा विधायक को बताया गया कि प्रश्नगत संरेखण पथ निर्माण विभाग के चार पथों एवं एक राष्ट्रीय उच्च पथ पद्यांश का युग्म है। कोलेबिरा से सिमडेगा तक कुल सात किमी डबल लेन के चौड़ीकरण अथवा मजबूतीकरण की करवाई प्रक्रियाधीन है। साथ ही डिफेक्ट लियाबिलिटी अवधि समाप्त हॉर्न के उपरांत आईआरसी मापदंडों के अनुरूप ट्रैफिक सेंस की अहर्ता पूर्ण होने की स्थिति में निधि की उपलब्धता के अनुसार उक्त सड़कों का चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।
