नेपाल में एक साझा राजनीतिक दल के गठन पर सहमति बनाने का प्रयास

INTERNATIONAL

Ashutosh Jha

काठमांडू : लंबे राजनीतिक विमर्श के बाद राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के सभापति रवि लामिछाने, काठमांडू महानगर के मेयर बालेन्द्र शाह (बालेन) और ऊर्जा क्षेत्र के चर्चित नेतृत्वकर्ता कुलमान घिसिङ इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि एक साझा राजनीतिक दल का गठन किया जाए। तीनों नेताओं के बीच लगातार संवाद और बैठकों के बाद इस दिशा में सहमति बनती दिख रही है। जमानत पर रिहा होने के बाद रवि लामिछाने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों से सक्रिय रूप से मुलाकात और संवाद कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी ने २०७९ के आम चुनाव में 21 सीटें जीतकर संसद की चौथी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी पहचान बनाई थी, और लामिछाने अभी भी इसके सभापति हैं।वहीं, नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व कार्यकारी निदेशक कुलमान घिसिङ, जिन्होंने अपने कार्यकाल में देश को लोडशेडिंग से मुक्ति दिलाकर व्यापक लोकप्रियता अर्जित की थी, वर्तमान अंतरिम सरकार में ऊर्जा मंत्री हैं। जानकारी के अनुसार, उन्होंने पर्दे के पीछे रहते हुए ‘उज्यालो नेपाल पार्टी’ की स्थापना भी की है। इसी प्रकार, २०७९ के स्थानीय चुनाव में काठमांडू के मेयर पद पर स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित बालेन्द्र शाह पारंपरिक राजनीतिक दलों के लिए एक चुनौती के रूप में उभरे थे। उनके राजनीतिक भविष्य और अलग दल गठन को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। यदि रवि लामिछाने, बालेन शाह और कुलमान घिसिङ एक साझा राजनीतिक मंच पर आते हैं, तो यह गठबंधन नेपाली राजनीति में एक मजबूत और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभर सकता है। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को ललितपुर स्थित बालेन के सलाहकार कुमार बेन के निवास पर दिनभर चली राजनीतिक बैठकों में इस विषय पर गहन चर्चा हुई। इन बैठकों में बालेन और रवि लामिछाने के साथ-साथ नेपाली कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं की भी मौजूदगी रही। कई चरणों में हुए संवाद और विचार-विमर्श के बाद, तीनों नेताओं के बीच एक ही पार्टी बनाने को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। आगामी दिनों में इस संबंध में औपचारिक घोषणा की संभावना जताई जा रही है।

Spread the love