छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अब केवल तीन जिले सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर ही नक्सल प्रभावित
Eksandeshlive Desk
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के अब चार जिले ही नक्सल प्रभावित हैं, शेष सभी जिले नक्सल मुक्त घाेषित हाे गए हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से केवल तीन जिले सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर ही नक्सल प्रभावित माने गए हैं। इसी के साथ गरियाबंद जिले को भी इस सूची में रखा गया है। केंद्र सरकार की जारी की गई ताज़ा सूची के अनुसार बस्तर के सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर को छोड़कर शेष जिलों को नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है। गरियांबंद जिले काे नक्सल प्रभावित सूची में रखा गया है। अब देश भर में केवल 6 जिले ही नक्सल प्रभावित बचे हैं। यह फैसला नक्सल उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक माना जा रहा है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने साेमवार काे बताया कि भारत सरकार की नई सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में बस्तर के तीन जिलों सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के अलावा गरियाबंद जिला को भी नक्सल प्रभावित माना गया है। वहीं, दूसरे राज्यों से अन्य दो जिले शामिल किए गए हैं।
इस तरह अब देश में कुल छह जिलों को अंतिम और निर्णायक नक्सल विरोधी अभियान के लिए पूरी तरह चिन्हित कर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इन क्षेत्रों में नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह शिकंजा कसने की रणनीति तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में यहां बड़े स्तर पर संयुक्त ऑपरेशन देखने को मिल सकते हैं। बस्तर संभाग के शेष जिलों को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में उत्साह का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय बस्तर में विकास, निवेश और सामान्य जनजीवन की वापसी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति से अब नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे की उम्मीद और मजबूत हो गई है। बस्तर आईजी ने बताया कि बस्तर के तीनों नक्सल प्रभावित जिलों को जल्द ही नक्सल मुक्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी कर दिया गया है और इन इलाकों में सुरक्षा बलों ने एंटी नक्सल ऑपरेशन को तेज कर दिया है।
