खेल भावना का उत्कर्ष: वीरोदय 2026 में युवाओं का दमदार प्रदर्शन
Eksandeshlive Desk
रांची: ओड़िशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में अंतर-विश्वविद्यालय खेल महोत्सव ‘वीरोदय 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ओडिशा तथा अन्य राज्यों के 23 विश्वविद्यालयों से 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएँ पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए आयोजित की गईं। क्रिकेट में मेज़बान श्री श्री विश्वविद्यालय चैंपियन बना, जबकि सेंट्यूरियन यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट उपविजेता रही। पुरुष वॉलीबॉल फाइनल में सी. वी. रमन ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने मेज़बान श्री श्री विश्वविद्यालय को हराकर खिताब जीता। महिला वॉलीबॉल में उत्कल विश्वविद्यालय ने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को पराजित कर चैंपियनशिप हासिल की। पुरुष कबड्डी में सोआ यूनिवर्सिटी ने सी. वी. रमन ग्लोबल यूनिवर्सिटी को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि फुटबॉल में रांची की सरला बिरला यूनिवर्सिटी ने श्री श्री विश्वविद्यालय को पराजित कर चैंपियन का खिताब जीता। पुरुष एकल बैडमिंटन में किट यूनिवर्सिटी के अर्सिस्मान राजखोवा ने बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी के आर्य रथ को हराकर खिताब जीता। युगल वर्ग में सेंट्यूरियन यूनिवर्सिटी की जोड़ी अभिजीत महारणा और स्मृतिरंजन राउत ने सी. वी. रमन ग्लोबल यूनिवर्सिटी की टीम को हराकर चैंपियनशिप जीती। मिश्रित युगल में किट यूनिवर्सिटी ने उत्कल विश्वविद्यालय को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पाँच दिवसीय इस मेगा आयोजन के समापन समारोह में फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के उपाध्यक्ष मोहम्मद साहिद जाफर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के करियर निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्री श्री विश्वविद्यालय के कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार शर्मा तथा छात्र कल्याण डीन प्रो. (डॉ.) जे. पी. भट्ट ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस वर्ष पहली बार विश्वविद्यालय खेल प्रबंधन समिति के संयुक्त सचिव श्रीराम राउतराय के पर्यवेक्षण में कई मैचों का लाइव स्ट्रीमिंग किया गया, जिसे लाखों दर्शकों ने देखा। संयुक्त सचिव डॉ. रजत बलियारसिंह ने आयोजन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि संयोजक पूर्णचंद्र पांडा ने सभी भाग लेने वाले विश्वविद्यालयों, प्रायोजकों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय की ओर से कुलाध्यक्षा प्रो. रजिता कुलकर्णी, कुलपति प्रो. (डॉ.) तेजपरताप तथा कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य ने वीरोदय-2026 की भव्य सफलता के लिए आयोजकों को बधाई दी।
