अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को प्रतापपुर में जल संरक्षण को लेकर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के तत्वावधान में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के निर्देश पर आयोजित हुआ। शिविर में अधिकार मित्र पीएलवी गोविंद ठाकुर और नरेश प्रजापति ने उपस्थित लोगों को जल के महत्व और संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे विश्व में उपलब्ध जल का केवल दो से तीन प्रतिशत हिस्सा ही पीने योग्य है। इसके बावजूद लोग साफ पानी का अंधाधुंध उपयोग कर उसे बर्बाद कर रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर जल संकट का कारण बन सकता है।उन्होंने कहा कि वैश्विक जल संकट की गंभीरता को देखते हुए हर वर्ष 22 मार्च को विश्व जल दिवस मनाया जाता है, ताकि लोगों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और पानी के सदुपयोग के लिए प्रेरित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान लोगों से पानी बचाने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा जल स्रोतों की सुरक्षा करने की अपील की गई। इस मौके पर कौलेश्वर साव, भोला साव, नीतीश कुमार, शुभम कुमार, मनीष कुमार, योगेंद्र प्रजापति समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।
