बिहार : औरंगाबाद में चाचा ने की तीन मासूम भतीजे-भतीजी की गला रेतकर हत्या

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

औरंगाबाद : बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहन गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सनकी चाचा ने अपने ही तीन मासूम भतीजे-भतीजी की गला रेतकर हत्या कर दी। मृत बच्चों की पहचान 10 वर्षीय अनीश कुमार, 7 वर्षीय आयुष कुमार और 5 वर्षीय अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है। ये तीनों बच्चे गांव के निवासी गुड्डू पाल के पुत्र-पुत्री थे। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी चाचा सुबह बाइक से कहीं गया था और लौटने के बाद घर का दरवाजा खटखटाया। उस समय उसकी भाभी बाथरूम में थीं, जिससे दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी हुई। अंदर प्रवेश करने के बाद उसने स्पीकर तेज आवाज में चला दिया और कटर मशीन से तीनों बच्चों की हत्या कर दी।

आरोपी ने खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन वह जिंदा बच गया : घटना के बाद आरोपी ने खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन वह जिंदा बच गया। उसे गंभीर हालत में औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए पटना रेफर कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दाउदनगर के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार दास ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता गुड्डू पाल ट्रेन में पैंट्री कार में खाना बनाने का काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। फिलहाल पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के पीछे के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।

Spread the love