राज्यपाल से प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने की मुलाकात

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित सरगुजा गांधी स्टेडियम में आयोजित’प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल–2026′ में भाग लेने वाले झारखंड के खिलाड़ियों ने रांची के लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर झारखंड राज्य मलखम्ब एसोसिएशन के महासचिव डॉ. अजय झा ने राज्यपाल को अवगत कराया कि झारखंड के खिलाड़ियों ने बालक एवं बालिका—दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल रैंकिंग में कांस्य पदक अर्जित किया है।

राज्यपाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य के लोगों में खेलों के प्रति गहरी अभिरुचि है तथा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा,परिश्रम एवं अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का गौरव बढ़ा रहे हैं,जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास,समर्पण एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उल्लेखनीय है कि इस आयोजन का आधिकारिक शुभंकर ‘मोरवीर’ था।-

Spread the love