अवैध खनन प्रकरण में जिला प्रशासन का चला डंडा

360° Ek Sandesh Live


कुलदीप कुमार दास
टंडवा(चतरा):
प्रखंड क्षेत्र के पदमपुर पंचायत अंतर्गत अवैध मिट्टी एवं पत्थर खनन से संबंधित प्रकाशित समाचार को संज्ञान लेते हुए चतरा उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार 30 अप्रैल को अंचल निरीक्षक सह राजस्व उप निरीक्षक रामवतार साव एवं अंचल अधिकारी, टंडवा के द्वारा संयुक्त रूप से स्थल जांच की गई। जांच के क्रम में ग्राम फुलवरिया, खाता संख्या 142, प्लॉट संख्या 349, रकबा 7.98 एकड़ जो गैरमजरूआ खास भूमि है। इस भूमि में कार्य कर रही मिलेनियम कंपनी के द्वारा व्यापक स्तर पर अवैध मिट्टी एवं पत्थर खनन पाया गया। उक्त स्थल पर लगभग 32 फीट गहराई तक खुदाई की गई है तथा लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में पत्थर का भी अवैध उत्खनन किया गया है। इसके अतिरिक्त ग्राम गोविंदपुर, खाता संख्या 13, प्लॉट संख्या 85, रकबा 3 एकड़ गैरमजरूआ खास भूमि पर लगभग 14 फीट गहराई तक अवैध मिट्टी खनन किया जाना पाया गया।इधर नदी किनारे की गई खुदाई से पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के अनुसार उक्त अवैध खनन कार्य रेलवे परियोजना से संबंधित ठेकेदारों—कोनी इरकॉन, झांझरिया मिलेनियम एवं रॉयल इंफ्रा द्वारा कराया जा रहा था। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों/संस्थाओं के विरुद्ध टंडवा थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन, चतरा द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Spread the love