By Sunil Verma
श्री शिव महापुराण कथा का सात दिवसीय भव्य समापन, “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंजा सुकुरहुटू
रांची: कांके के सुकुरहुटू स्थित कथा स्थल पर श्री शिवाला सेवा समिति की ओर से आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का सातवां एवं अंतिम दिन सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “हर हर महादेव” एवं “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” के जयघोष से गूंज उठा।अंतिम दिन की कथा प्रातः 8 बजे शुरू होकर साढ़े 11 बजे तक चली। इस दौरान श्रद्धालु पूरे समय मंत्रमुग्ध होकर पंडित प्रदीप मिश्रा के दिव्य प्रवचनों का श्रवण करते रहे। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।अपने प्रवचन में पंडित प्रदीप मिश्रा ने माता-पिता, गुरु और भगवान शिव की सेवा को जीवन का सर्वोच्च धर्म बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति सच्चे मन से इनकी सेवा करता है, उसे तुरंत शुभ फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि सेवा ही जीवन में सुख, शांति और सफलता का मार्ग है। प्रदीप मिश्रा ने आगामी सिंहस्थ कुंभ का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को उज्जैन आने का निमंत्रण दिया। साथ ही बताया कि उज्जैन से सीहोर की दूरी लगभग 150 किलोमीटर है, जहां श्रद्धालु शिव भक्ति और सत्संग का लाभ ले सकते हैं। उनके इस आह्वान से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।साधना और प्रयास के महत्व को समझाते हुए उन्होंने कहा कि जैसे दूध को मथने पर ही माखन प्राप्त होता है, वैसे ही जीवन में सफलता और ईश्वर की कृपा निरंतर प्रयास, सेवा और समर्पण से ही मिलती है।कथा के दौरान रांची के मौसम का उल्लेख करते हुए पंडित मिश्रा ने हल्के-फुल्के अंदाज में उसकी प्रशंसा की, जिससे पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। उन्होंने रांची की श्रद्धा और प्रेम की सराहना करते हुए पुनः यहां आने की इच्छा भी व्यक्त की।प्रदीप मिश्रा ने अपने संदेश “एक लोटा जल सभी समस्याओं का हल” को दोहराते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान शिव पर जल अर्पित करने से अनेक कष्ट स्वतः दूर हो जाते हैं।भक्ति का वातावरण उस समय और अधिक भावविभोर हो गया जब उन्होंने “देर न लगाओ बाबा देर न लगाओ, पर्वत से भोले बाबा नीचे चले आओ” भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान पूरा पंडाल शिवमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति में झूमने लगे।
इस आयोजन के मुख्य यजमान विवेक कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी विनीता देवी रहे, जिन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर कथा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। वहीं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश भी कथा में शामिल हुए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सात दिनों तक चले इस भव्य आयोजन ने रांची को पूर्णतः शिवमय बना दिया। समापन अवसर पर श्रद्धालु भावुक हो उठे और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ कथा का भव्य समापन किया गया।
