Mustaffa
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के ओरमांझी प्रखंड स्थित चंद्रा गांव में उस वक्त खुशियों का ठिकाना नहीं रहा,जब केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के आवास पर उन्हें सम्मानित करने पहुँचे। मंत्री ने न सिर्फ दिव्यानी की खेल उपलब्धियों की सराहना की,बल्कि उनके परिवार से मिलकर घर की स्थिति का जायजा भी लिया। दिव्यानी के घर की जर्जर स्थिति को देखकर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने परिवार को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने घोषणा की कि बरसात का मौसम आने से पहले दिव्यानी लिंडा का नया घर बनवाने में वे अपनी ओर से पूरा सहयोग करेंगे,ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली बेटी के परिवार को कोई परेशानी न हो। मुलाकात के दौरान जब मंत्री संजय सेठ को दिव्यानी के भाई की गंभीर बीमारी का पता चला,तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही भाई को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेजा जाएगा और वहां चिकित्सा की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी। इस मौके पर स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के 200 से अधिक नन्हें खिलाड़ियों और बच्चों ने केंद्रीय मंत्री का तालियों और नारों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। क्लब के संरक्षकों और कोच ने दिव्यानी पर गर्व जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटी ने झारखंड का मान बढ़ाया है। मौके पर मौजूद स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के संस्थापक सह कोच अनवरूल हक उर्फ बबलू,संरक्षक जगदीश सिंह जग्गू व अन्य ने बताया कि क्लब ग्रामीण बच्चों को मुफ्त फुटबॉल ट्रेनिंग और शिक्षा दे रहा है,जिससे कई खिलाड़ी आज राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे हैं।
