चंदवा, उड़ीसा एलॉय को बेदखल कर स्थानीय नियंत्रण स्थापित सरहुलिया महुआ (अनगडा पोस्ट, दामोदर) में चंदवा प्रखंड के पांच प्रभावित गावों अनगड़ा, चतरो, अरधे, तुपी और चकला की संयुक्त ग्राम सभा ने पेसा कानून 2025 की शक्तियों का उपयोग कर एस्सार पावर द्वारा पहले और बाद में उड़ीसा एलॉय स्टील प्राइवेट लिमिटेड को पावर प्लांट हेतु आवंटित कुल लगभग 540 एकड़ भूमि पर कब्ज़ा पेसा कानून के तहत वापस ले लिया। हजारों ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामवासियों ने बताया कि 2005–06 के एकरारनामे के बाद कंपनी ने काम रोका, और 2014 में कोयला ब्लॉक रद्द होने के बाद लिक्विडेशन प्रक्रिया शुरू हुई। 3 मार्च 2025 को एनसीएलटी ने प्लांट नए उद्यमी को सौंपा, जिसने 31 मार्च 2025 से रैयतों को मिल रहे गुजारे भत्ते पर रोक लगा दी। जिला प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कंपनी ने भुगतान नहीं किया, जिससे ग्रामीणों में भुखमरी व बेरोजगारी बढ़ गई। ग्राम सभा ने एकमत से न केवल जमीनें वापस लेने का निर्णय लिया, बल्कि प्लांट की सभी निर्माण-सम्पत्तियों का नियंत्रण भी अपने पास रखने का ऐलान किया। निर्णय में कहा गया है कि ग्राम सभा सामूहिक रूप से संसाधनों का उपयोग कर ग्राम कोष बढ़ाकर रैयतों और ग्रामीणों के लिए रोजगार सृजन करेगी गांवों के प्रधानों ने प्रशासन और राज्य सरकार से तुरन्त संरक्षण व कानूनी मान्यता की मांग की है।
