मेसरा (रांची): ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन त्योहार को शांतिपूर्ण,सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए ओरमांझी थाना पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आम जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा जगाने के उद्देश्य से पुलिस ने एक विशाल और प्रभावशाली बाइक फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च डीएसपी मनीष कुमार लाल और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार के कुशल नेतृत्व में निकाला गया। मार्च में शामिल पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने हेलमेट पहनकर और पूरी मुस्तैदी के साथ बाइक पर सवार होकर पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। थाना परिसर से शुरू हुआ यह फ्लैग मार्च एनएच 20 मुख्य पथ होते हुए सबसे पहले व्यस्त ओरमांझी चौक पहुँचा। इसके बाद पुलिस का यह काफिला शास्त्री चौक,चकला,इरबा,बारीडीह,पांचा पथ इन सभी संवेदनशील और प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए पुलिस बल वापस थाना परिसर लौटा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय गतिविधियों का जायजा भी लिया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने जहां एक ओर आम नागरिकों को सुरक्षा और शांति का अहसास कराया,वहीं दूसरी ओर त्योहार के दौरान खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त और सीधा संदेश दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ कानूनी रूप से सख्ती से निपटा जाएगा। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की है और त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प दोहराया है।
