Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश जिलों में आगामी 6 जून तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, एक जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में गर्जन और वज्रपात की संभावना है। वहीं दो, तीन और चार जून को उत्तर-पश्चिमी तथा उत्तरी जिलों को छोड़कर राज्य के शेष भागों में गरज के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पांच जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में तथा छह जून को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों, खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों और आम नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इधर, पिछले दो-तीन दिनों के दौरान हुई बारिश का असर तापमान पर भी स्पष्ट रूप से देखा गया है। राज्य के कई जिलों में तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लगभग 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम सुहावना बना हुआ है। रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे। रांची और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी प्रकार बोकारो में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आकाशीय बिजली की चेतावनी मिलने पर सुरक्षित स्थानों में शरण लेने की सलाह दी है।
