उठा ले जाएंगे देखते रह जाएंगे, बकरियों के मालिक

Ek Sandesh Live

सफेद कार से आए और दिनदहाड़े उड़ा ले गए बकरियाँ,सीसीटीवी में कैद

NEWS BY MUSTAFFA

​मेसरा (रांची): चोरों के हौसले अब इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे चोरी के लिए पारंपरिक तरीकों को छोड़ हाईटेक और फिल्मी पैंतरे अपना रहे हैं। बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में बाइक या ऑटो से नहीं,बल्कि बकायदा चमचमाती सफेद कार से आकर मवेशी चोरी करने का एक दुस्साहसिक मामला सामने आया है। शातिर चोर दिनदहाड़े पलक झपकते ही तीन बकरियाँ कार में समेटकर रफूचक्कर हो गए। ​यह पूरी वारदात मेसरा निवासी नागेंद्र महतो के घर के पास की है। मंगलवार दोपहर करीब 1:20 बजे,जब सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के सामने मैदान में बकरियाँ चर रही थीं,तभी वहां एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार,चोरों का दुस्साहस ऐसा था कि वे गाड़ी से नीचे उतरे तक नहीं। उन्होंने गाड़ी के दाहिने तरफ का पिछला दरवाजा खोला और बकरियों को कुछ खाने के लिए दिया। जैसे ही बकरियाँ पास आईं,चोरों ने फुर्ती से उन्हें पकड़कर अंदर डाला और कार की रफ्तार बढ़ाते हुए फरार हो गए। पीड़ित नागेंद्र महतो ने बताया कि जब तक वे कुछ समझ पाते,चोर उनकी तीन बकरियां लेकर गायब हो चुके थे। कार के साफ नंबर (जेएच 01 एएक्स 7671) वाली यह वीडियो क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रही है,जिसने स्थानीय पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि,खबर लिखे जाने तक इस मामले में थाने को कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।

Spread the love