चंद्रवंशी महासभा का राष्ट्रीय सम्मेलन रांची में आयोजित

360° Ek Sandesh Live

News By Sunil Verma

रांची। अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा का वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन 18 व 19 जुलाई को रांची में आयोजित किया जाएगा। यह दो दिवसीय सम्मेलन हरमू रोड स्थित सहजानंद चौक के समीप स्वागतम बैंक्विट हॉल में होगा, जिसमें देशभर से चंद्रवंशी समाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। यह जानकारी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक आजाद ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में राष्ट्रीय समिति, राष्ट्रीय उपसमिति, विभिन्न प्रांतीय समितियों, जिला समितियों तथा उनकी उपसमितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य भाग लेंगे। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के रांची पहुंचने की संभावना है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को और मजबूत बनाना, समाज के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना तथा सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक विकास की दिशा में भावी रणनीति तय करना है। इस दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जाएंगे। अशोक आजाद ने कहा कि अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा समाज का एक पुराना और प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1906 में हुई थी तथा 1912 में यह पूर्ण रूप से अस्तित्व में आया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देशभर से हजारों सदस्य संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

Spread the love