रिपोर्ट : अशोक अनन्त
हंटरगंज: किसानों की कृषि उत्कृष्टता और वृहद पैमाने पर व्यापक उत्पादन को लेकर प्रखण्ड हंटरगंज के ग्राम हेसिल-थासिर में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखण्ड सरकार की ओर से संचालित कृषक पाठशाला का शुभारंभ हो गया है। यह योजना समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह बिरसा सिंचाई कूप योजना के अंतर्गत चलाई जा रही है।
पाठशाला का क्रियान्वयन अवतार डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। यहां क्षेत्र के किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, जैविक खेती, मृदा परीक्षण, फसल विविधीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। आओ मिलकर आगे बढ़ें के स्लोगन के साथ शुरू हुई इस पाठशाला से किसानों को खेती की लागत कम करने व उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। स्थानीय किसानों ने पाठशाला शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें खेती की नई तकनीक सीखने के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। किसानों ने कहा की पहले बीज-खाद के लिए भटकना पड़ता था, अब गांव में ही सब सीख रहे हैं। यह हम किसानों के लिए बड़ी खुशी है,सरकार इसी तरह किसानों की समस्याओं को सरल बनाए तो वह दिन दूर नहीं की हम सभी प्रवासी ना बनकर उन्नत कृषि कार्यों में संलग्न रहें।
