झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ आपसी समन्वय से नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई को और बनाएं प्रभावी : डीजीपी

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने कहा है कि कोल्हान प्रमंडल में नक्सलियों की स्थिति पहले की तुलना में काफी कमजोर हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की सुरक्षा सरकार और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें बाधा डालने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर चाईबासा पहुंचीं डीजीपी ने जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कोल्हान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में नक्सल गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और चल रहे अभियानों की विस्तृत जानकारी ली।

चाईबासा पहुंचने पर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने डीजीपी का स्वागत किया। समीक्षा बैठक में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान डीजीपी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और खुफिया सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ आपसी समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाएं। साथ ही नक्सल प्रभावित गांवों में पुलिस और प्रशासन मिलकर विश्वास बहाली अभियान संचालित करें, ताकि ग्रामीणों का भरोसा मजबूत हो और विकास योजनाएं निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। आधुनिक तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, प्रभावी सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा बलों के बेहतर समन्वय पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। डीजीपी ने फील्ड में तैनात जवानों का मनोबल ऊंचा बनाए रखने और परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के बीच बेहतर तालमेल ही नक्सल विरोधी अभियान की सफलता की कुंजी है।

Spread the love