फर्जी दस्तावेज मामले में भाजपा नेता निवास सिंह गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live


रिपोर्ट – अशोक अनन्त
चतरा। हंटरगंज थाना पुलिस ने कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के मामले में भाजपा नेता निवास सिंह को रांची के कांके क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी हंटरगंज थाना कांड संख्या 117/26 के तहत चर्चित पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, मामला हंटरगंज अंचल निरीक्षक की लिखित शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसमें सरकारी अभिलेखों से छेड़छाड़ कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का आरोप लगाया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हाईकोर्ट में दाखिल दस्तावेजों की जांच में मिली विसंगति, मूल अभिलेखों से नहीं मिला रिकॉर्ड शिकायत के अनुसार, जयशंकर स्टोन इंडस्ट्रीज बनाम झारखंड सरकार मामले में झारखंड हाईकोर्ट में प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अंचल कार्यालय के मूल अभिलेखों व निर्गत पंजी के मिलान में पाया गया कि पत्र संख्या 491, दिनांक 4 जून 2025 की मूल प्रविष्टि और न्यायालय में प्रस्तुत दस्तावेजों में अंतर है। आरोप है कि अंचल अधिकारी हंटरगंज के नाम से जारी पत्र में छेड़छाड़ कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया गया। इसी आधार पर अंचल निरीक्षक ने प्राथमिकी दर्ज करने की अनुशंसा की थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। भाजपा नेता बोले ‘साजिश के तहत फंसाया गया’, पुलिस ने कहा—अन्य मामलों की भी हो रही जांच
गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता निवास सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे लंबे समय से झारखंड सरकार और जिले के कुछ अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, इसलिए उन्हें राजनीतिक एवं प्रशासनिक साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। वहीं स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि हाल ही में सिमरिया में आयोजित एक धरना-प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ तीखी बयानबाजी की थी। जिसमें बोला था देख लिया है, देखेंगे तुम्हारी जेल में कितना जगह देखेंगे हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी थाना कांड संख्या 117/26 में दर्ज मामले के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love