चंदवा। लातेहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न कंपनियों व औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े कार्यों के बेहतर समन्वय और जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विधायक ने चंदवा निवासी अमित कुमार गुप्ता को लातेहार विधानसभा क्षेत्र के लिए कंपनियों व उद्योगों से संबंधित विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। जारी पत्र के अनुसार, यह नियुक्ति क्षेत्र में संचालित विभिन्न कंपनियों, उद्योगों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने, विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान को ध्यान में रखते हुए की गई है।
नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि विधायक प्रतिनिधि अमित कुमार गुप्ता कंपनियों से संबंधित बैठकों में विधायक की ओर से भाग ले सकेंगे। इसके अलावा वे आवश्यक पत्राचार करेंगे तथा विधायक कार्यालय की ओर से विभिन्न विषयों पर सुझाव व विचार भी प्रस्तुत करने के लिए अधिकृत रहेंगे। विधायक ने उपायुक्त, लातेहार से अनुरोध किया है कि संबंधित प्रतिनिधि को सरकारी व कंपनी प्रोटोकॉल के अनुरूप आवश्यक मान्यता और सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि उनके द्वारा प्रस्तुत पत्रों व प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
