सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live


अशोक अनन्त
​चतरा : अति-सुरक्षित एसपी आवास क्षेत्र में नेक्सा शोरूम के समीप खड़ी एक सफेद रंग की फोर्ड एंडेवर गाड़ी (JH13 G 4444) में दो सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक जवान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ​मिली जानकारी के अनुसार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के पुत्र व संवेदक विनीत यादव उर्फ रॉकी यादव बाईपास रोड पर अपनी गाड़ी से उतरकर किसी काम से गए थे। इसी दौरान वाहन में मौजूद उनके दो निजी बॉडीगार्ड्स के बीच खैनी मांगने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी बलवीर सिंह ने रायफल से साथी अतुल (निवासी बक्सर) पर गोली चला दी। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को एसपी आवास के मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने धर दबोचा। ​डीएसपी मुख्यालय सुनील सिंह ने बताया कि यह आपसी विवाद का मामला है। जांच में आरोपी बलवीर के पास से रिनपास (RINPAS) अस्पताल की पर्ची बरामद हुई है, जिससे उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने का पता चला है। उसका पूर्व में बिहार के नवीनगर में सीआईएसएफ पर फायरिंग का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
​पुराना विवाद फिर चर्चा में
घटना के बाद इलाके में गया के चर्चित आदित्य सचदेव हत्याकांड (2016) की चर्चाएं भी गरम हो गईं, जिसमें रॉकी यादव पर कार को ओवरटेक करने के विवाद में गोली मारने का आरोप लगा था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चतरा की यह घटना पूरी तरह से दो बॉडीगार्ड्स के बीच का आपसी विवाद है।
​पुलिस ने गाड़ी, हथियार जब्त कर आरोपी व चालक को हिरासत में ले लिया है और बिना पृष्ठभूमि जांच के सुरक्षाकर्मी भेजने वाली एजेंसी पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Spread the love