मेदांता के पास हाइड्रा की चपेट में आने से सेवानिवृत्त पोस्टमैन की मौत, एनएच जाम

Ek Sandesh Live Road Accident

MUSTFA

मेसरा (रांची): रांची-रामगढ़ मार्ग (एनएच-33) स्थित मेदांता अस्पताल (इरबा) के मुख्य द्वार के समीप शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार सेवानिवृत्त पोस्टमैन नूरमोहम्मद (61) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह गागी गांव के रहने वाला था। दुर्घटना से उग्र परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा व अस्पताल मोड़ पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर एनएच रोड को जाम कर दिया। ​मिली जानकारी के अनुसार,नूरमोहम्मद मेदांता अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार का हाल-चाल जानकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अस्पताल के मुख्य द्वार के पास सड़क पार करने लगे, ओरमांझी से रांची की ओर जा रही तेज रफ्तार हाइड्रा (क्रेन) ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हाइड्रा की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि वह बाइक सवार बुजुर्ग को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनका शरीर क्षत-विक्षत हो गया और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

​घटना की खबर फैलते ही गागी व आसपास गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि अस्पताल के मुख्य द्वार के पास गाड़ियों की आवाजाही अधिक रहती है,फिर भी वहां जेब्रा क्रॉसिंग या स्पीड ब्रेकर का इंतजाम नहीं है। लोग पीड़ित परिवार के लिए उचित आर्थिक मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने व यातायात बहाल कराया।

Spread the love