Eksandeshlive Desk
हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को हल्द्वानी में जनसभा में चुनावी अभियान का शंखनाद करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया और दावा किया कि देवभूमि से शुरू हुआ कांग्रेस का ‘विजय शंखनाद’ प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने तक जारी रहेगा। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं रेजिमेंट के जवानों ने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। खरगे ने स्वतंत्रता आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि नौ अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के जरिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ देशवासियों को एकजुट किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आजादी की लड़ाई में जेल यात्राएं कीं और अनेक यातनाएं सहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा कर किसानों, मजदूरों, गरीबों, युवाओं और विद्यार्थियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आम लोगों के बीच इस तरह पैदल यात्रा कर संवाद नहीं किया। खरगे ने बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि देश में करीब 30 लाख सरकारी पद खाली हैं, जिन्हें भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर योग्यता और मेरिट के आधार पर बिना पैसे के नौकरी देने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभाशाली हैं, लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण उन्हें दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। खरगे ने किसानों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान की गई किसान कर्जमाफी, खाद्य सुरक्षा कानून और मनरेगा का उल्लेख करते हुए इन्हें कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर किसानों, गरीबों और आम लोगों से किए गए वादों को पूरा करेगी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि जिन नेताओं को भाजपा पहले भ्रष्ट बताकर कार्रवाई की मांग करती थी, बाद में उन्हीं नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया जाता है। उन्होंने इसे ‘वॉशिंग मशीन’ की राजनीति करार दिया।
खरगे ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने पेपर लीक मामलों के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वह 1973 में पंतनगर विश्वविद्यालय आए थे और उस समय विधायक थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने हमेशा देश की सुरक्षा और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस का संघर्ष केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए भी है। जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह और काजी निजामुद्दीन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
