खेल शारीरिक ही नहीं बल्कि समग्र विकास के लिए जरूरी : परमजीत कौर

Ek Sandesh Live

By Sunil

रांची। खेल बच्चों के समग्र विकास के लिए जरूरी है। यह मनुष्य के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन, सामूहिकता और सद्भाव की भावना विकसित करता है। उक्त बातें कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कही। उन्होंने कहा कि ‘खेलेगा भारत,जीतेगा भारत ‘ की सोच को सार्थक करने के लिए शुरूआती दौर से ही बच्चों के खेल भावना विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस बार खेल दिवस श्रद्धांजलि, खेल और गति के तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। इसका मुख्य उद्देश्य हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के सम्मान में फिटनेस, अनुशासन और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। युवाओं में फिटनेस को प्रोत्साहित करने और गति प्रदान करने के उद्देश्य से विद्यालय की ओर से साइक्लोथलन और ग्राफिटी का आयोजन किया गया जिसमें गति के साथ साथ कला और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के मौजूदा दौर में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने में विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इससे पहले उन्होंने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।मौके पर विद्यालय में शिक्षक बनाम विद्यार्थी एकादश के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। सीनियर बालक वर्ग के लिए इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें गोदावरी हाउस विजेता जबकि गंगा उपविजेता रही। साथ ही बालिकाओं के लिए दो टीमों के बीच मैत्री मैच का आयोजन किया गया। इसके अलावे बच्चों को शारीरिक-मानसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से खेल एवं योग पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों ने खेल प्रशिक्षकों के निर्देशन में कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

Spread the love