मेसरा (रांची): दिल टूटा-टूटा…जैसे चर्चित नागपुरी लोकगीतों से पहचान बनाने वाले रांची के स्टार गायक रोशन लोहरा की माता शैलो देवी (75 वर्ष) का शनिवार देर रात (1:30 बजे) रुक्का स्थित उनके निवास स्थान पर निधन हो गया। वे लंबे समय से असाध्य बीमारी से पीड़ित थीं। रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे रुक्का डैम स्थित घाट पर सामाजिक रीति-रिवाज और परंपरा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में झारखंड नागपुरी कला जगत के कई दिग्गज कलाकार शामिल हुए और एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।शोक व्यक्त करते हुए प्रसिद्ध गायक इग्नेश करमाली ने भावुक होते हुए कहा,माता जी का आशीर्वाद हमेशा हम कलाकारों पर रहा है। इस दुख की घड़ी में पूरा संगीत समाज रोशन और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। वहीं,श्रवण लोहरा ने कहा,शैलो देवी जी का जाना सिर्फ रोशन भाई के परिवार की क्षति नहीं है,बल्कि हम सभी कलाकारों के लिए एक अभिभावक का साया उठ जाने जैसा है। मौके पर श्रद्धांजलि देने वालों में स्वजनों के अलावा मुख्य रूप से बुबई रॉय,केशव केसरिया,मनोज सहरी,कुमार प्रीतम,उमेश सिंह,तपेश्वर करमाली,राजू केरकेटा,मंगल करमाली,शतीष रजक तथा मनोज करमाली सहित कला जगत व समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
