तेतुलमारी पाण्डेयडीह में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 8 टन अवैध कोयला जब्त

Crime Ek Sandesh Live

RAJU CHAUHAN

भूमि माइंस के ऊपर अवैध रूप से जमा कर रखा गया था कोयला, बीसीसीएल को सौंपा गया जब्त माल

धनबाद: तेतुलमारी थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह 06 नंबर बस्ती में रविवार को सीआईएसएफ की टीम ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 8 टन अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई से इलाके में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

सीआईएसएफ के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, पाण्डेयडीह 06 नंबर बस्ती में भूमि माइंस के ऊपर अवैध रूप से कोयला एकत्र कर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कंपनी कमांडर व एरिया कमांडर को इसकी जानकारी दी गई। आवश्यक लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध होने के बाद दोपहर करीब 3 बजे सीआईएसएफ टीम ने चिन्हित स्थल पर छापेमारी शुरू की कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 8 टन अवैध कोयला बरामद किया। बरामद कोयले को नियमानुसार बीसीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।

वहीं, मामले में एमएमडीआर एक्ट के तहत अग्रिम कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के संबंध में सीआईएसएफ के रवानगी रोजनामचा में क्रमांक 974, समय 15:00 बजे व आमद रोजनामचा में क्रमांक 978, समय 17:30 बजे दर्ज किया गया है। अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ की कार्रवाई के बाद तेतुलमारी क्षेत्र में कोयला तस्करी से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Spread the love