तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
AMIT RANJAN
सिमडेगा/कुरडेगा: लिखित आवेदन के आधार पर टी.टांगर थाना काण्ड सं0 42/2026, दिनांक 26.09.2026, धारा- 137(2)/3(5) BNS दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ की गई। उक्त कांड के अनुसंधान के क्रम में पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देशानुसार एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर 27.09.2026 को प्राथमिकी अभियुक्त अनित एक्का, उम्र 21 वर्ष, पे०- आनन्द एक्का, सा०- मच्छकाटा (झरिया डीपा), थाना- बोलबा, जिला-सिमडेगा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त अनित एक्का ने बताया कि वर्ष 2022 में सिमडेगा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसका झरना टोप्पो से प्रेम संबंध बना था। वर्ष 2024 में अग्निवीर में चयन के बाद भोपाल में प्रशिक्षण और बारामुल्ला में पोस्टिंग के दौरान वह झरना टोप्पो को पैसे भेजता रहा। बाद में अन्य युवक से बातचीत के शक पर पैसे देना बंद करने पर झरना टोप्पो ने महिला थाना में शिकायत की, जहाँ 5 वर्ष बाद नौकरी स्थायी होने पर शादी करने का समझौता हुआ।
मई 2026 में पुनः शक होने पर अभियुक्त ने पैसे देने बंद किए। अभियुक्त द्वारा यह बताया गया कि झरना टोप्पो द्वारा कोर्ट मैरिज या 15 लाख रुपये न देने पर झूठे केस की धमकी दी जाने लगी। इससे परेशान होकर छुट्टी पर घर आए अभियुक्त ने हत्या की योजना बनाई और 24.09.2026 को झरना को स्कूटी से ले जाकर मच्छकटा जंगल में मारपीट व गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उसने शव को बोरे में भरकर शंख नदी किनारे ले गया तथा अपने घर से कुदाल लाकर दफना दिया और मोबाइल नदी में फेंक दिया। पुलिस को भटकाने के लिए उसने अगले दिन टी.टांगर थाने में प्रेमिका के अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
