ओरमांझी के काली मंदिर से लाखों के गहनों की चोरी,सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

360° Ek Sandesh Live

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए माता काली के करीब दो लाख रुपये के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के 74 वर्षीय पुजारी जयप्रकाश दुबे सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर का मुख्य ताला टूटा पड़ा है और माता काली की मूर्ति का सामान अस्त-व्यस्त है। जांच करने पर मूर्ति से सोने की चेन,दो चांदी के हार और चांदी की चूड़ियां नदारद मिलीं। ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी सतीश चंद्र लाल और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस फिलहाल मंदिर व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। ​वहीं,इस वारदात के बाद काली पूजा समिति और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। समिति के मुख्य संरक्षक जय गोविंद उर्फ लालू साहू,अध्यक्ष अजय सिंह,सचिव श्याम किशोर महतो और कोषाध्यक्ष नितेश कुमार उर्फ छोटू ने प्रशासन से चोरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। पुजारी के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

Spread the love