By Akbar Ansari
रामगढ़। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता श्रीमती रूपी सोरेन के निधन पर शुक्रवार को प्रेस क्लब रामगढ़ में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित सभी लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल सोरेन परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।सभा में वक्ताओं ने कहा कि माता-पिता का निधन किसी भी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है। इस कठिन समय में प्रेस क्लब रामगढ़ के सभी सदस्य शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हैं।
माता-पिता को खोने का दुख अपूरणीय : धनेश्वर प्रसाद
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद ने कहा कि आज हम सभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूज्य माताजी श्रीमती रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, समाज के दुख-सुख में सहभागी बनना भी जिम्मेदारी: धर्मेंद्र पटेल
प्रेस क्लब रामगढ़ के सचिव धर्मेंद्र पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों को सामने लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के दुख-सुख में सहभागी बनना और मानवीय संवेदनाओं के साथ खड़ा होना भी पत्रकारों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह अत्यंत कठिन समय है। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को खोया था। अब उनकी माता के निधन से परिवार को एक और अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब रामगढ़ इस दुख की घड़ी में सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दिवंगत आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में प्रेस क्लब रामगढ़ के उपाध्यक्ष प्रदीप राज बबलू, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष धुरवेज आलम, कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार, सुरेंद्र सिंह एवं रितेश कश्यप उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार (वीरू), तरुण बागी, ज्योति सिंह, अनिल विश्वकर्मा, प्रिंस वर्मा, संजय नायक, गोपाल गिरी, बबन रावत, विक्रांत कुशवाहा, आशीष सिंह, नीरज सिन्हा, धर्मेंद्र यादव और सनी सिन्हा सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।
