दुर्गा पूजा पर 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगी रोक

Religious

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। उपायुक्त, एसएसपी और ट्रैफिक डीएसपी की ओर से मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर समय के अनुसार प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग, वन-वे व्यवस्था और ड्रॉप गेट निर्धारित किए गए हैं। 15 अक्टूबर को शाम चार बजे से रात एक बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। 16 से 20 अक्टूबर तक सुबह पांच बजे से 11.30 बजे तक भारी वाहन चल सकेंगे। इसके बाद प्रतिदिन सुबह पांच बजे तक बसों को छोड़कर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। 21 अक्टूबर को विसर्जन के दिन सुबह छह बजे से विसर्जन समाप्त होने तक निर्धारित विसर्जन मार्गों पर बस सहित सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

मानगो से साकची आने वाले ऑटो मानगो बस स्टैंड चौक से एमजीएम अस्पताल, शीतला मंदिर और दिल्ली दरबार होटल होते हुए साकची गोलचक्कर पहुंचेंगे। साकची से मानगो जाने वाले ऑटो बंगाल क्लब, किताब लाइन और ओल्ड कोर्ट मोड़ से मरीन ड्राइव होते हुए पुराने पुल से जाएंगे। दोनों मार्गों पर ऑटो के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। साकची से भालूबासा, बारीडीह और सिदगोड़ा जाने वाले छोटे वाहन स्ट्रेट माइल रोड और कुम्हारपाड़ा होकर चलेंगे। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कराया जाएगा। काशीडीह पूजा पंडाल आने वाले वाहनों के लिए ठाकुर प्यारा सिंह मैदान में पार्किंग प्रस्तावित है। बंगाल क्लब पंडाल के श्रद्धालु आमबगान और जुबली पार्क के गेट नंबर एक के सामने वाहन खड़े कर सकेंगे। बिष्टुपुर से आदित्यपुर जाने वाले पुराने खरकई पुल पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। यहां केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी। आदित्यपुर जाने वाले वाहनों को भोल्टास गोलचक्कर से नए पुल का इस्तेमाल करना होगा। कदमा, सोनारी, टेल्को और बर्मामाइंस में भी पूजा पंडालों के अनुसार मार्ग और पार्किंग निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

Spread the love