MUSTFA
मेसरा (रांची): ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विभिन्न स्थानों पर रावण दहन कर असत्य पर सत्य और बुराइयों पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। क्षेत्र के बाजार मैदान, आंचल मैदान, कुच्चू और पांचा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने रावण दहन किया। वहीं, बारीडीह और चुटूपालू में जिला परिषद सदस्य सरिता देवी ने रावण दहन की रस्म पूरी की।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि मनुष्य चाहे कितना भी धनवान,शक्तिशाली और बुद्धिमान क्यों न हो, यदि उसका चरित्र अच्छा नहीं है और उसके भीतर बुराइयां हैं, तो वह समाज को नुकसान ही पहुंचाता है। वहीं, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि रावण दहन बुराइयों पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को अपने भीतर के दुर्गुणों का त्याग कर सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही। इस मौके पर पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू, पूर्व उप प्रमुख मुंतज़िर अहमद रजा, रणधीर चौधरी, अजय सिंह, श्याम किशोर महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार, पूजा समिति अध्यक्ष सत्यनारायण तिवारी, दीपक बड़ाईक, दुर्गाशंकर साहू, उमाशंकर साहू और सीताराम लाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
